बिलासपुर। जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन ने एहतियातन सख्त कदम उठाए हैं। शासकीय कुक्कुट पालन क्षेत्र कोनी में संक्रमण मिलने के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर दायरे को ‘संक्रमित क्षेत्र’ तथा 10 किलोमीटर के दायरे को ‘निगरानी क्षेत्र’ घोषित कर दिया है।
संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं, रायपुर के निर्देश पर कराई गई जांच में एनआईएचएसएडी भोपाल द्वारा संक्रमण की पुष्टि की गई। इसके बाद जिला प्रशासन ने सर्विलांस जोन में पोल्ट्री उत्पादों के क्रय-विक्रय और उनके परिवहन पर पूर्णतः प्रतिबंध लागू कर दिया है।
प्रशासन ने पुलिस विभाग, वन विभाग एवं परिवहन विभाग को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित कर पोल्ट्री पक्षियों की आवाजाही पर सख्ती से निगरानी रखें। साथ ही, जिले के अन्य हिस्सों में भी पोल्ट्री मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि संक्रमण के फैलाव को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।
बिलासपुर में बर्ड फ्लू की दस्तक, 1 किमी संक्रमित और 10 किमी निगरानी क्षेत्र घोषित
Leave a Comment

