तंत्र-मंत्र के नाम पर 2.50 लाख की ठगी, हाईवे पर तांत्रिक की पिटाई
नोट उड़ाने के वीडियो से झांसे में आए कोरिया के चार युवक, दोनों पक्ष पुलिस गिरफ्त में
बिलासपुर। तंत्र-मंत्र के नाम पर करोड़ों रुपए बनाने का झांसा देकर ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला बिलासपुर जिले से सामने आया है। ठग तांत्रिक द्वारा मंत्र पढ़ते ही नोट उड़ने का वीडियो दिखाकर कोरिया जिले के चार युवकों से 2 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की गई। तांत्रिक ने रकम को तंत्र विद्या के जरिए 2.50 करोड़ रुपए में बदलने का दावा किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी तांत्रिक ने पहले युवकों को एक वीडियो दिखाया, जिसमें मंत्र पढ़ते ही नोट हवा में उड़ते नजर आ रहे थे। इसी वीडियो से प्रभावित होकर युवकों ने 2.50 लाख रुपए तांत्रिक को सौंप दिए। तय समय बीतने के बाद भी जब रुपए वापस नहीं मिले और तंत्र क्रिया का कोई परिणाम नहीं दिखा, तब युवकों को ठगी का शक हुआ।
शक गहराने पर युवकों ने तांत्रिक को बिलासपुर–कोरिया हाईवे पर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान मारपीट और लूट की घटना भी सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मामले में तांत्रिक सहित कोरिया के चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन और नकद रकम भी जब्त की है। फिलहाल पुलिस ठगी, मारपीट और लूट से जुड़े विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे तंत्र-मंत्र, चमत्कार और रातों-रात करोड़पति बनाने के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

