तखतपुर।मनियारी पुल एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का गवाह बना, जहां पैदल जा रहे एक अधेड़ को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अधेड़ के पैर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 निवासी गणेश धुरी (52 वर्ष) पैदल मनियारी पुल पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गणेश धुरी सड़क पर गिर पड़े और उनके पैर में गंभीर चोट आई।

राहगीरों ने दिखाई मानवता, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल तखतपुर पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अधेड़ को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर कर दिया।
पुल पर लगातार बढ़ रहे हादसे, सवालों के घेरे में व्यवस्था
मनियारी पुल पर बार-बार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुल पर न तो पर्याप्त रोशनी है, न ही स्पीड कंट्रोल के पुख्ता इंतजाम। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन की अनदेखी अब जानलेवा साबित हो रही है।
फरार चालक की तलाश में पुलिस
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मनियारी पुल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

