तखतपुर,,जनपद पंचायत तखतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बांधा की सरपंच पुनीता नंदनी मरावी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बहुमत से पारित हो गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुए मतदान में सरपंच के पक्ष में केवल 5 मत पड़े, जबकि 15 सदस्यों ने उनके विरोध में मतदान करते हुए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके साथ ही पुनीता नंदनी मरावी का सरपंच पद पर बने रहना समाप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में कथित अनियमितताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी को लेकर पंचायत सदस्यों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। निर्धारित तिथि पर सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें प्रस्ताव के पक्ष में स्पष्ट बहुमत मिला।

अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद ग्राम पंचायत बांधा की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब पंचायत में नए नेतृत्व को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आगामी दिनों में नियमानुसार आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
तहसीलदार शशांक शेखर शुक्ला का वर्जन
“ग्राम पंचायत बांधा की सरपंच के विरुद्ध नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मतदान में कुल 20 सदस्यों ने भाग लिया, जिसमें अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 15 तथा विपक्ष में 5 मत प्राप्त हुए। आवश्यक बहुमत मिलने के कारण अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया है। नियमानुसार इसकी पुष्टि कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

