अघरिया से आशीष सिंह ने फूंका सियासी बिगुल, आदिवासी दिवस पर दिखा शक्ति प्रदर्शन
बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल,
तखतपुर। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे आदिवासी बाहुल्य गांव अघरिया में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम ने उस वक्त सियासी रंग ले लिया, जब कांग्रेस के कद्दावर नेता आशीष सिंह ने मंच से अपने राजनीतिक तेवर दिखाते हुए आगामी सियासी लड़ाई का बिगुल फूंक दिया।

आदिवासी समाज की बड़ी मौजूदगी के बीच आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग जुटे। पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य और आदिवासी संस्कृति के बीच हुए इस आयोजन में आशीष सिंह की जोरदार एंट्री को लेकर अब तखतपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
“ आशीर्वाद मिला है, अब सड़क से सदन तक लड़ेंगे लड़ाई”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशीष सिंह ने कहा कि “आप सभी का आशीर्वाद मुझे और मेरे परिवार को सदैव मिलता रहा है। आज आप लोगों की इतनी बड़ी संख्या में मौजूदगी यह बताती है कि आप मुझे कितना स्नेह करते हैं।”

उन्होंने तखतपुर के विकास को लेकर सरकार और सत्तापक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे जनता के साथ सड़क से सदन तक की लड़ाई लड़ेंगे और जरूरत पड़ी तो सत्तापक्ष को मुंहतोड़ जवाब भी देंगे।
आशीष सिंह ने विश्व आदिवासी दिवस के मंच से ही अपने राजनीतिक अभियान के आगाज का ऐलान करते हुए कहा कि “आज विश्व आदिवासी दिवस के दिन से मैं इसका आगाज करता हूं।”
अघरिया बना सियासी संदेश का मंच
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण के लिए आयोजित कार्यक्रम भले ही सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन था, लेकिन आशीष सिंह के तेवर और उनके संबोधन ने इसे राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी और मंच से दिए गए राजनीतिक संदेश के बाद अब सवाल उठने लगा है कि क्या अघरिया से आशीष सिंह ने तखतपुर की सियासत में अपनी सक्रियता का नया अध्याय शुरू कर दिया है?
वही तखतपुर की पूर्व विधायक रश्मि सिंह ने कहा कि मैं तखतपुर की बेटी हूँ और आप सभी मेरे परिवार है आपने मुझे विधायक चुना और क्षेत्र में काम करने का अवसर दिया था मै उसके लिए सदैव आप लोगो का आभारी रहूंगी।
विश्व आदिवासी दिवस पर अघरिया से उठी यह आवाज आने वाले दिनों में तखतपुर की राजनीति में कितना असर डालती है, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन फिलहाल आशीष सिंह की इस एंट्री ने सियासी तापमान जरूर बढ़ा दिया है।

