तखतपुर। कोटा–लोरमी मुख्य मार्ग पर ग्राम बांसाझाल चौक के पास गुरुवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी और उनकी सात वर्षीय मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका छह वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जमलेश यादव (40 वर्ष), पिता बालाराम यादव, निवासी बासाझाल क्षेत्र, अपनी पत्नी संतोषी यादव (35 वर्ष) तथा बच्चों नन्ही यादव (7 वर्ष) और छह वर्षीय बेटे के साथ बेलपान मेला घूमने गए थे। मेला से लौटते समय जब वे ग्राम बांसाझाल चौक के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सड़क पर दूर जा गिरी और उस पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा पहुंचाया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद जमलेश यादव, उनकी पत्नी संतोषी यादव और सात वर्षीय बेटी नन्ही यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल छह वर्षीय बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों पर मर्ग कायम कर लिया है। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसे शुक्रवार को कराया जाएगा। तब तक शवों को मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है। वहीं पुलिस द्वारा पिकअप वाहन और उसके चालक की जप्त कर चौकी ले आई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

