बिलासपुर। प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ के संगठनात्मक विस्तार एवं समाज को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रदेश संयोजक शशिकांत साहू की अनुशंसा पर प्रदेश कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी गई है। जारी सूची में बिलासपुर जिले के वरिष्ठ समाजसेवी एवं सक्रिय संगठनकर्ता गेंदलाल साहू को प्रदेश सलाहकार के महत्वपूर्ण दायित्व से मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति से बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश के साहू समाज में हर्ष का माहौल है।
प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी सूची में विभिन्न जिलों से समाज के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संगठन का उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक समरसता, युवाओं की भागीदारी तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रदेशभर में और अधिक सशक्त बनाना है। इसी कड़ी में बिलासपुर के गेंदलाल साहू को प्रदेश सलाहकार बनाए जाने को संगठन ने उनके लंबे सामाजिक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली और समाज के प्रति समर्पण का सम्मान बताया है।
गेंदलाल साहू वर्षों से साहू समाज के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। समाजहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। समाज के लोगों का मानना है कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
प्रदेश संयोजक शशिकांत साहू ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी समाज की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी और प्रदेशभर में संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों से समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश सलाहकार नियुक्त होने पर गेंदलाल साहू ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक उत्थान और समाज के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे।
गेंदलाल साहू के प्रदेश सलाहकार मनोनीत होने पर बिलासपुर जिले सहित प्रदेशभर के समाजजनों, पदाधिकारियों, युवाओं एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। समाज के लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश के साहू समाज को मिलेगा तथा संगठन सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में और अधिक सशक्त होकर कार्य करेगा
प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी घोषित, बिलासपुर के गेंदलाल साहू बने प्रदेश सलाहकार
Leave a Comment

