अभिषेक सेमर,तखतपुर। तखतपुर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता के घरेलू नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई थी और उस पर अपनी तथा पीड़िता की तस्वीरें वायरल की थीं। मामले की जांच के दौरान पीड़िता के बयान में आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पीड़िता की तस्वीरें वायरल करने का भी आरोप, पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा

मामला तखतपुर थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने अपने पति की इंस्टाग्राम आईडी चेक की, जहां उसे अपने घरेलू नाम से बनाई गई एक इंस्टाग्राम आईडी की जानकारी मिली। आरोप है कि इस फर्जी आईडी के माध्यम से आरोपी अख्तर खान उर्फ अफ्तार खान, पिता अफजल खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी सिंघनपुरी, ने अपनी और पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं।
पीड़िता की ओर से मामले को लेकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान पीड़िता का विधिवत बयान दर्ज कराया गया, जिसमें उसने आरोपी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा तखतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, उप निरीक्षक दिलाराम मनहर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सदनवती कश्यप, महिला आरक्षक काजोल मनहर, आरक्षक राजकुमार, त्रिलोक सिंह एवं संतोष पोर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

