अभिषेक सेमर,तखतपुर।तखतपुर क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में एक अज्ञात महिला की लाश तैरती हुई मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तालाब में महिला का शव दिखाई देने की खबर जैसे ही ग्रामीणों तक पहुंची, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की नजर तालाब में तैरते शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी।
तालाब में कैसे पहुंची महिला? बना बड़ा सवाल
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अज्ञात महिला मुरूम खदान के तालाब तक कैसे पहुंची। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। महिला की पहचान भी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्र से लापता महिलाओं की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
हादसा या हत्या? कई सवालों के बीच जांच
महिला की मौत महज एक हादसा है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
घटनास्थल की परिस्थितियों के साथ-साथ महिला की पहचान और उसके तालाब तक पहुंचने की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा शव को तालाब से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल पेंडारी की मुरूम खदान के तालाब में मिली अज्ञात महिला की लाश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला कौन है? वह यहां कैसे पहुंची? उसकी मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है? इन सभी सवालों के जवाब अब सकरी पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतका की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

