तखतपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत केकती में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां जर्जर कच्चे मकान के अचानक ढह जाने से एक दस वर्षीय बालक मलबे में दब गया। हादसे में दीवार के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महेंद्र कश्यप पिता बलदाऊ कश्यप केकती निवाशी के रूप में पहचान हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान काफी समय से जर्जर स्थिति में था। अचानक दीवार गिरने से बालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


