तखतपुर। जनदर्शन में ग्रामीणों द्वारा अवैध मुरूम खनन और परिवहन की शिकायत किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर कलेक्टर के निर्देश पर तखतपुर क्षेत्र में खनिज माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में तखतपुर तहसीलदार ने राजस्व विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सफरीभाटा से मुंगेली के लालपुर की ओर अवैध रूप से मुरूम का परिवहन कर रहे एक ट्रक को पकड़ा। वाहन की जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई तथा नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।

गौरतलब है कि तखतपुर क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से अवैध मुरूम खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही थीं। ग्रामीणों ने जनदर्शन में कलेक्टर से शिकायत कर बताया था कि बिना अनुमति लगातार मुरूम का उत्खनन किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व की हानि होने के साथ-साथ पर्यावरण और ग्रामीण मार्गों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच एवं कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद राजस्व एवं संबंधित विभागों की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और अवैध खनन तथा परिवहन में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तखतपुर क्षेत्र में अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिज संसाधनों के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है,

