अभिषेक सेमर तखतपुर।ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को उस समय मातम पसर गया, जब स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह ग ए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश अभी भी जारी है।
नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों बच्चे ग्राम पंचायत समडील के निवासी हैं।

स्कूल से लौटते वक्त नदी पार कर रहे थे बच्चे
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों बच्चे बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने घंटों किया सर्च ऑपरेशन
पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी में घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।

वहीं दो अन्य मासूमों की तलाश लगातार जारी है। एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद नदी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाए जाने की तैयारी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हृदय विदारक घटना के बाद समडील गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी नदी किनारे डटे हुए हैं और लापता दोनों बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से नदी पार कर अपने घर जा रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए। एसडीआरएफ की टीम जल्द गांव पहुंचेगी और सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों लापता बच्चों की तलाश की जाएगी।

